
Ranchi: गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने झारखंड के यूपीए विधायकों पर बड़ा आरोप लगाया है। निशिकांत दुबे का आरोप है कि रांची एयरपोर्ट से रायपुर जाने के दौरान विधायकों ने सुरक्षा मानकों के साथ खिलवाड़ किया है।

निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर लिखा है कि ” रॉची एयरपोर्ट पर आज हेमंत सोरेन ने देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया, कांग्रेस और जेएमएम के विधायक दारु, पैसा व आग्नेय अस्त्र लेकर बिना किसी सुरक्षा जॉंच के सीधे हवाई जहाज़ पर रायपुर गए। “उन्होंने AAI, नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और PIB Home Affairs को टैग करते हुए मामले को संज्ञान में लेने को कहा है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का लाभ के पद के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में हेमंत सोरेन की विधानसभा सदस्यता जानी तय मानी जा रही है। इस बावत भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यपाल को अपना मंतव्य भेज दिया है। राज्यपाल ने भी अपनी संस्तुति दे दी है। कभी भी इसकी औपचारिक घोषणा हो सकती है। इस द्वंद्व के बीच सियासी हलचल बढ़ गई है। यूपीए के दल राज्यपाल से बार-बार आग्रह कर रहे हैं कि स्थिति साफ की जाए लेकिन असमंजस बरकरार है। फिलहाल, मुख्यमंत्री सोरेन और यूपीए के विधायक इस मामले के हर पहलुओं पर बार-बार मंथन कर रहे हैं। सोरेन पार्टी विधायकों के लगातार संपर्क में हैं। वहीं, हार्स ट्रेडिंग के भय से सभी विधायकों को एक जगह सुरक्षित रखा जा रहा है। 32 विधायकों को छत्तीसगढ़ के रायपुर मंगलवार को चार्टर्ड प्लेन से भेज दिया गया है।


