
Deoghar: जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के लालोडीह स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएसपी में 25 अगस्त को दिनदहाड़े हथियार के बल पर 40 हजार रूपये की डकैती को अंजाम दिया गया था। घटना के दिन ही दो बदमाशों को क्रमश: जयप्रकाश यादव और देवनंदन यादव ग्राम धवना थाना चन्द्रमंडी जिला जमुई ग्रामीणों के सहयोग से देवीपुर पुलिस दबोच लिया था। अन्य फरार बदमाशों को पकड़ने के लिये एसपी सुभाषचन्द्र जाट के निर्देश पर सदर एसडीपीओ पवन कुमार के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया था।

टीम ने छापेमारी कर फरार चल रहे गिरिडीह देवरी थाना क्षेत्र के मानिकबाद निवासी कमलेश कुमार सिंह और देवीपुर थाना क्षेत्र के प्राणडीह निवासी राजेन्द्र पासवान उर्फ विनोद पासवान उर्फ सोनू पासवान को गिरफ्तार कर पुछताछ के बाद शनिवार को जेल भेज दिया। इस मामले को लेकर सदर एसडीपीओ पवन कुमार ने एक प्रेसवर्ता कर विशेष रूप से जानकारी दी।

बताया कि दोनों बदमाशों के पास से घटना में प्रयुक्त किये गये दो ग्लेमर बाइक, दो मोबाइल, सीएसपी से ग्राहकों के लूटे गये तीन पासबुक, एक वोटर आई कार्ड तथा घटना के वक्त दोनों के पहने हुए कपड़े को बरामद किया गया है। बताया कि फरार चल रहे अन्य एक अपराधी की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी की जा रही है। मौके पर देवीपुर थाना प्रभारी धनंजय सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।


