
Ranchi: झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य के भाजपा के 16 विधायकों के संपर्क में होने का दावा करने वाले बयान से राज्य की सियासत का पारा बढ़ गया है। झामुमो के इस दावे पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि झामुमो में राजनीतिक सुचिता नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मर्यादा भूलकर झामुमो अब हॉर्स ट्रेडिंग करने पर उतर आई है।

सुप्रियो के दावे को महज राजनीतिक स्टंट करार देते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि इतिहास गवाह है कि भाजपा के विधायक न कभी टूटे हैं और ना कभी टूटेंगे। उन्होंने कहा कि झामुमो का इतिहास ही बेचने और खरीदने का रहा है। वे पहले अपने इतिहास को उठाकर देख लें।

उन्होंने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ भाजपा ने ऑफिस ऑफ़ प्रॉफिट की शिकायत की थी। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने पुरे मामले की सुनवाई की और राज्यपाल को रिपोर्ट सौपा है। अब राज्यपाल के फैसले का इंतजार है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी भी सरकार गिराने की बात नहीं की है।



