Deoghar: बैंक ऑफ बरौदा ब्रांच द्वारा आवंटित देवीपुर थाना क्षेत्र स्थित लालोडील सीएसपी में दिन दहाड़े पांच हथियार बंद अपराधियों ने करीब 12 बजे दिन में डाका डाला और रुपये लूट भागने लगे। तभी मोटरसाइकिल से भागते हुए दो अपराधियों को 6 किलोमीटर खदेड़ कर जीतपुर गांव के निकट ग्रामीणों ने पकड़ा और जमकर धुनाई कर दी।

सीएसपी संचालक जयशंकर ने बताया कि पकड़े गए दोनों अपराधियों के हाथ में पिस्टल था। वहीं तीन अपराधी लूट की करीब पचास हजार रुपए लेकर मोटरसाइकिल से पुनासी की ओर भाग गये। देवीपुर पुलिस को सूचना दी गई, मोटरसाइकिल सहित अपराधियों को पकड़ कर थाना लाया गया है। सीएसपी संचालक जयशंकर ने बताया कि पचास हजार रुपए से कुछ अधिक राशि की लूट हुई है।

पकड़े गये अपराधियों में जयप्रकाश यादव उम्र 22 वर्ष, देवनंदन यादव उम्र 30 वर्ष, गांव धबाना, थाना चन्द्रमनडीह, जिला जमुई निवासी बताये गये हैं। तीन व्यक्ति रूपये लेकर भागने में सफल रहे। एसडीपीओ पवन कुमार ने थाना प्रभारी धनंजय सिंह के साथ घटना स्थल पर जाकर सीएसपी का निरीक्षण किया। अपराधियों को धर पकड़ करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
मौके पर एसडीपीओ पवन कुमार , पुलिस इंस्पेक्टर मनोज कुमार, थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह, एएसआई तिलेश्वर यादव, संजय रजक, पंचम शर्मा समेत सुरक्षा बलों के साथ मौजूद थे।



