
Deoghar: देवघर जिले के तीन लोगों से साइबर ठगों (cyber Fraud) ने अलग-अलग तरीके से एक लाख 79 हजार 405 रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। जसीडीह थाना क्षेत्र के लालपुर निवासी कुंदन यादव ने ईएमआई (EMI) पर टाटा मोटर्स से वाहन खरीदा था जिसका ईएमआई बकाया था। उन्हें एक अंजान नम्बर से कॉल आया और कहा कि आपके वाहन का ईएमआई बकाया है उसे भरें नहीं तो गाड़ी को जब्त कर लिया जाएगा।

कॉल करने वाले के झांसे में आकर कुंदन ने 8 बार में 999 और एक बार 1240 रुपये कुल 9232 रुपये फोन पे माध्यम से उसे भेज दिया। उसके बाद उसके मोबाइल पर कॉल आया कि आपने वाहन का ईएमआई नहीं भरा है तब जाकर उसे ठगी का एहसास हुआ।

दूसरी ठगी का शिकार मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया निवासी कृष्ण देव यादव हुआ। वह बेंगलोर से ट्रेन से लौट रहा था। उसी क्रम में कृष्णराज पुरम रेलवे स्टेशन पर उसका मोबाइल चोरी हो गया। उसके मोबाइल फोन में डाउनलोड फोन पे का यूज़ कर खाता से एक बार में 4910, दूसरी दफा 20000 कुल 31910 रुपया की अवैध निकासी कर ली गई।
तीसरे ठगी का शिकार दुमका हंसडीहा निवासी मरियम मुर्मू हुई। जिनका वर्तमान पता रिखिया बंधा है। उनके मोबाइल पर कॉल आया कि आपका क्रेडिट कार्ड अपडेट नहीं हुआ है। इसे अपडेट करने के लिए झांसे में लेकर एनी डेस्क एप डाउनलोड करवाया। उसके बाद क्रेडिट कार्ड (Credit Card) के माध्यम से खाता से दो बार मे एक लाख 48 हजार की अवैध निकासी कर ली गई।



