Ranchi: राजधानी रांची में शनिवार को तेज आंधी के साथ हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह पेड़ उखड़ गए हैं। बिजली के तारों को नुकसान हुआ है। रांची के दो मुख्य सड़कों पर पेड़ टूटकर गिरने से यातायात प्रभावित है। कई इलाकों में शुक्रवार रात से ही बिजली गुल है। कई घरों में पानी घुस गया है। कोलकाता से रांची आने वाली इंडिगो की फ्लाइट रद्द कर दी गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
विमान सेवा पर असर
मूसलाधार बारिश के चलते कोलकाता से रांची आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-421 रद्द कर दी गई है। इसके चलते यात्रियों को असुविधा हुई। प्रबंधन पर निर्देश पर इंडिगो की दिल्ली 6E-5037 एवं पुणे 6E-7561 फ्लाइट डायवर्ट कर दी गई है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी 390 मीटर पहुंच गई है, जो विमान सेवा संचालन के लिए कम है।
झारखंड में 25 अगस्त तक होगी बारिश
मौसम केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में 25 अगस्त तक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 70 से 200 मिमी तक वर्षा हो सकती है। अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड के चतरा, पूर्वी सिंहभूम और कोडरमा जिलों में जोरदार बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि इन जिलों में मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी। हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।
बालासोर से 200 किमी दूर स्थित है निम्न दबाव
मौसम केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि निम्न दबाव बालासोर से 200 किमी दूर स्थित है। यह बंगाल की खाड़ी होते हुए झारखंड आयेगा। यहां से छत्तीसगढ़ की ओर जायेगा। इस कारण राज्य के कई इलाकों में 20 अगस्त को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। 21 अगस्त को इसका आंशिक असर होगा। 22 को राज्य के कुछ स्थानों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। 23 को एक बार कहीं-कहीं तेज बारिश होगी। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आयेगी।