
Deoghar: जिले की साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर पथरअड्डा ओपी क्षेत्र के बभनकुण्ड गांव स्थित खेत बहियार से 14 साइबर अपराधी को गिरफ्तार (Cyber criminal arrested) किया है। गिरफ्तार सभी अपराधी आम लोगों के मोबाइल पर लॉटरी और अन्य आकर्षक मैसेज भेजकर अपने चंगुल में फंसा कर रुपये की ठगी करने का कार्य करते थे।

प्रेसवार्ता आयोजित कर साइबर डीएसपी सुमित प्रसाद (Cyber DSP Sumit Prasad) ने बताया कि सूचना मिल रही थी कि पथरअड्डा ओपी इलाके में खेत बहियार में छुप कर कुछ साइबर अपराधी साइबर अपराध को अंजाम दे रहे हैं। उक्त सूचना पर एक टीम बनाकर छापेमारी की गई और मौके पर से 14 साइबर अपराधी को दबोच लिया गया। गिरफ्तार सभी साइबर अपराधी भोले भाले लोंगों को कैश बैक, लॉटरी लगने व अन्य प्रकार के आकर्षित मैसेज भेजा करते थे। जो इनके मैसेज के लुभावने ऑफर को देख कर फंस जाते थे उनसे ये सभी ठगी कर लिया करते थे।

उन्होंने बताया कि इन सबों के पास से मिले मोबाइल से इस तरह के ठगी के कई साक्ष्य मिले हैं जिसकी अभी जांच की जा रही है। इनके पास से 15 मोबाइल और 23 सिम बरामद किया गया है। मौके पर साइबर थाना प्रभारी इंसपेक्टर केएन सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
गिरफ्तार साइबर अपराधियों में ठाकुर मणि दास साकिन अर्जुना थाना मोहनपुर, मुकेंद्र महरा साकिन नया खरना थाना सारवां, मंटू दास, बुचकुन कुमार दास , भिनक महरा, कपीस कुमार दास, सनोज दास , संजय दास सभी ग्राम बभनकुण्ड, पुरुषोत्तम दास, महेंद्र दास, बासकी दास खरवाजोरी, धनंजय दास, जितेंद दास, राजेश दास सभी बभनकुण्ड के नाम शामिल हैं जो पत्थरअड्डा ओपी क्षेत्र के रहने वाले हैं। सभी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया।



