
Ranchi: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने सदन के अंदर और बाहर हंगामा किया। भाजपा विधायकों ने वेल में पहुंचकर खान खनिज लूटने वाली सरकार इस्तीफा दो, घोटालेबाज मुख्यमंत्री इस्तीफा दो के नारे लगाए।

मुख्यमंत्री की इस्तीफे के मांग को लेकर भाजपा विधायकों ने सदन के बाहर भी प्रदर्शन किया। सभी विधायक होर्डिंग लेकर बैठे थे। बिरंची नारायण ने कहा कि इस सरकार में मुख्यमंत्री से लेकर उनके विधायक प्रतिनिधि और प्रेस सलाहकार भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। लगातार ईडी द्वारा मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार को समन किया जा रहा है।

विरंची नारायण ने कहा कि अब अगला नंबर मुख्यमंत्री का है। उन्होंने कहा कि राज्य में कोयला, पत्थर और बालू की लूट हो रही है। सरकारी योजनाओं के लिए बालू नहीं मिल रहा है लेकिन बालू की अवैध ढुलाई जारी है। भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर कथित रूप से गलत प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार झारखंड की खनिज संपदा को लूटने वाली सरकार है। यहां के मुख्यमंत्री घोटाले में शामिल है। सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।


