
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के कचहरी रोड में स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के सुरक्षा गार्ड अशोक यादव की नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह के शिकायत पर हुई गिरफ्तारी का विरोध बैंक कर्मियों ने कर दिया है। इतना ही नहीं नगर थाना प्रभारी के खिलाफ़ कार्रवाई की मांग देवघर उपायुक्त (DC) मंजूनाथ भजंत्री से की गई है। जिसके बाद पूरे मामले की जांच करने खुद डीसी पीएनबी बैंक पहुंचे।

बैंक शाखा में कर्मियों से पूछताछ व सीसीटीवी देखने के बाद डीसी नगर थाना पहुंच थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह से मिले उसके बाद देवघर एसपी सुभाष चंद्र जाट से इस मामले को लेकर मुलाकात की।


दरअसल, बैंक के पदाधिकारियों और कर्मियों ने देवघर डीसी से लिखित शिकायत कर बैंक के गार्ड अशोक यादव की गिरफ्तारी को गलत बताया है। बैंक कर्मियों का कहना है कि सोमवार को जब थाना प्रभारी दो पुलिस कर्मियों के साथ शाखा आये तो गार्ड सिर्फ ड्यूटी निभा रहा था उसने थाना प्रभारी के साथ कोई बदसलूकी नहीं की है बल्कि थाना प्रभारी ने ही गार्ड के साथ मारपीट की जिसका सीसीटीवी रिकॉर्ड भी है। बैंक कर्मियों ने डीसी से न्याय की गुहार लगाई है।
वहीं, डीसी का कहना है कि इस मामले में नियम के तहत जो भी सही होगा कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी तत्वों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, पूरे मामले के जांच के लिए एसपी (SP) सुभाष चंद्र जाट भी नगर थाना पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। एसपी ने कहा कि डीआइजी ने मामले को लेकर जांच रिपोर्ट मांगा है। इस संबंध में डीआइजी (DIG) को जांच रिपोर्ट सौंपा जाएगा। डीआईजी के निर्देश के आलोक में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यहां बता दें कि पूरे प्रकरण को लेकर डीआइजी दुमका सुदर्शन प्रसाद मंडल ने एसपी से जांच कर रिपोर्ट मांगी है।



