Ranchi: एनडीए से राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (NDA presidential candidate Draupadi Murmu) झारखंड के दौरे पर पहुंच चुकी हैं। वो एनडीए (NDA) के विधायकों और सांसदों के साथ मुलाकात करेंगी। इस बीच उनके झारखंड आगमन से पहले ही सीएम हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) ने ट्विट कर बड़ी बात कह दी है।
सीएम के इस ट्विट से यह अब साफ हो गया है कि झामुमो (JMM) का समर्थन द्रौपदी मुर्मू को ही मिलेगा। सीएम हेमंत ने अपने ट्विट में कहा है कि “एनडीए से राष्ट्रपति उम्मीदवार आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी आज झारखण्ड आ रही हैं। भगवान बिरसा की पावन धरती पर उनका हार्दिक स्वागत है। आदरणीय द्रौपदी जी को हमारी ओर से अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार।”
अमित शाह से सीएम की मुकालत के बाद से ही यह बात तय मानी जा रही थी कि झामुमो का साथ एनडीए प्रत्याशी को ही मिलेगा। इसके पीछे कई ऐसी राजनीतिक संभावनाएं थीं जो झामुमो के लिए सूबे की राजनीति में जरूरी था। मसलन आदिवासी की राजनीति करने वाला झामुमो यह तय करने में पसोपेश में था कि वह गठबंधन धर्म को निभाएं या अपने परंपरागत वोटों को देखें। जाहिर है कि झामुमो ने यह आकलन किया कि यूपीए प्रत्याशी से कहीं ज्यादा भारी एनडीए प्रत्याशी हैं और ऐसे में यदि वह गठबंधन धर्म को निभाता है तो विरोधी उसकी परंपरागत वोट को इग्नोर करने का आरोप लगाएंगे।