
Deoghar: 12 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के देवघर आगमन को लेकर तमाम तैयारियां पुख्ता की जा रही है। जिसको लेकर आलाधिकारियों द्वारा तैयारियों का जायज़ा लिया जा रहा है। गुरुवार को झारखंड मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, राजीव बंसल, सचिव नागरिक विमानन मंत्रालय, भारत सरकार, संजीव कुमार, अध्यक्ष, भारतीय विमानन प्राधिकरण, वंदना डाडेल, कैबिनेट सचिव झारखंड सरकार, रूबिना अली, संयुक्त सचिव, नागरिक विमानन मंत्रालय, भारत सरकार देवघर पहुंचे। सभी का स्वागत देवघर एयरपोर्ट पर किया गया।

प्रधानमंत्री के 12 जुलाई को देवघर एयरपोर्ट उद्घाटन (Deoghar airport inauguration) को लेकर मुख्य सचिव, सचिव नागरिक विमानन मंत्रालय, अध्यक्ष, भारतीय विमानन प्राधिकरण एवं वरीय अधिकारियों द्वारा एयरपोर्ट परिसर में पूर्ण हो चुके और वर्तमान में चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर वास्तुस्थिति से अवगत हुए। साथ ही निरीक्षण के क्रम में उन्होंने टर्मिनल भवन, एटीसी टावर, फायर स्टेशन, पावर स्टेशन, एप्रोच रोड, देवघर एयरपोर्ट का रनवे समेत कई अन्य सुविधाओं व पूर्ण हो चुके कार्यों का जायजा लिया गया।

इसके अलावे निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव, सुखदेव सिंह, सचिव नागरिक विमानन मंत्रालय, राजीव बंसल ने बाबा मंदिर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना की। जहाँ पूरे विधि-विधान से तीर्थ पुरोहितो द्वारा पूजा करायी गयी।

■ देवघर एयरपोर्ट में होंगी ये खूबियां
देवघर एयरपोर्ट 657 एकड़ भूमि में फैला है और इसका टर्मिनल भवन 5130 स्क्वेयर मीटर क्षेत्र में बनाया गया है। 2500 मीटर लंबे रनवे के साथ ये एयरपोर्ट एयरबस 320 आदि विमानों के ऑपरेशन के लिए बिल्कुल उपयुक्त रहेगा। टर्मिनल बिल्डिंग में छह चेक-इन काउंटर होंगे, एक आगमन प्वाइंट और भीड़भाड़ की स्थिति में 200 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। एयरपोर्ट का डिजाइन पर्यावरण के अनुकूल और अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस है। टर्मिनल बिल्डिंग का डिजाइन बाबा बैद्यनाथ मंदिर के शिखर से प्रेरित है। एयरपोर्ट के अंदर स्थानीय आदिवासी कला, हस्तशिल्प और स्थानीय पर्यटन स्थलों की तस्वीरें दिखाई गई है, जो इस क्षेत्र की संस्कृति को दर्शाती हैं।


