Deoghar : देवघर नगर थाना क्षेत्र के बेलबगान निवासी झामुमो नेता ओमकार वर्णवाल के घर गुरुवार देर रात नकाबपोश अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना देर रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। अपराधियों की संख्या करीब चार बतायी गयी है। सभी अपराधी नकाब पहने हुए थे और छत के रास्ते घर में दाखिल हुए।

इसके बाद हथियार के बल पर घर में मौजूद परिवार के सभी सदस्यों को अपने कब्जे में लेकर लूटपाट की। घटना के समय ओमकार वर्णवाल घर में मौजूद नहीं थे। घर पर उनकी पत्नी मंजू देवी, बेटा सम्राट शिवम और उनकी मां गिरजा देवी मौजूद थीं।

बताया जाता है कि घर में घुसने के बाद अपराधियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और उन्हें हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने मंजू देवी के हाथ में चाकू मारकर उन्हें घायल कर दिया।

गोदरेज तोड़कर नकदी व जेवरात ले गए
अपराधियों ने घर में रखे गोदरेज को तोड़ दिया और उसमें रखे करीब दो लाख रुपये नकद समेत सोने की दो चेन, अंगूठी, चांदी की चेन, ब्रेसलेट सहित अन्य जेवरात लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर सदलबल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही वारदात के संबंध में परिवार के सदस्यों से जानकारी ली। इधर, नगर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। पुलिस अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।



