Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर नंदन पहाड़ इलाके में 23 वर्षीय दो बच्चे की माँ 13 जून को फांसी के फंदे से झूलती मिली थी। आनन-फानन में उसे फांसी से उतार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां बुधवार की अहले सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका का नाम माला देवी है।

पुलिस को दिए बयान में मृतका की मां गोड्डा जिला मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के घाट मंजवारा निवासी फुलकी देवी ने कहा है कि उसकी बेटी को ससुराल वालों ने जान मारने की नियत से फांसी पर लटका दिया था। बाद में उसे इलाज के सदर अस्पताल में भर्ती करा दिया था जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। हत्या करने का आरोप मृतका की सास देवकी मांझी, संतोष मांझी, राजेश मांझी सविता देवी पर लगाया है।

कहा है कि उसने बेटी की शादी 2017 में अपने सामर्थ के अनुसार दान दहेज देकर नंदन पहाड़ सिद्धार्थ नगर निवासी मनोज मांझी के साथ किया था। शादी के बाद उसे एक लड़का और एक लड़की हुआ। उसके बाद उसकी सास, देवर और ननद मिलकर मायके से और दहेज लाने को लेकर प्रताड़ित करने लगे। कुछ दिन बाद उनलोगों ने मिलकर मेरी बेटी और दामाद को अलग कर दिया। दामाद मजदूरी कर खाने लगे। लेकिन उक्त कमाई से घर ठीक-ठाक नहीं चल पा रहा था। 15 दिन पूर्व ही दामाद मुंबई कमाने चला गया था। घर मे बेटी बच्चों के साथ रह रही थी। 13 जून को उपरोक्त लोगों ने मिलकर बेटी को जान मारने के नियत से फांसी पर लटका दिया। जब उसकी मौत नहीं हुई तो उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।



