
Deoghar: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला (Shravani Mela 2022) से पहले व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की तैयारी देवघर जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री द्वारा बाबा मंदिर परिसर का निरीक्षण किया गया। डीसी ने सुरक्षा व्यवस्था व विधि-व्यवस्था के अलावा श्रावणी मेला से पूर्व श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा को लेकर किए जाने वाले विभिन्न कार्यों को टीम भावना व आपसी सहयोग से करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को दिया, ताकि देवतुल्य श्रद्धालु एक अच्छी अनुभूति प्राप्त कर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करे।

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मंदिर कार्यालय में बैठक कर श्रावणी मेला के दौरान किए जाने वाले विभिन्न कार्यों पर चर्चा करते हुए सुगम व सुरक्षित जलार्पण के अलावा लगातार शीघ्र दर्शनम के माध्यम से पूजा करने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए तीर्थ-पुरोहित समाज, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के साथ बैठक कर इसे बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करने की बात कही। आगे उपायुक्त ने श्रावणी मेला के दौरान भक्तों की सुविधा हेतु सभी को आपसी समन्वय व टीम भावना के साथ कार्य करने की बात कही, ताकि किसी प्रकार की परेशानी श्रद्धालुओं को न हो। साथ ही मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं से जुड़ी सभी सुविधाओं को बेहतर करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
मंदिर आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता:डीसी


इसके अलावे बैठक कर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मंदिर आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण की समस्या पर चर्चा करते हुए इसके निराकरण का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। साथ ही बाबा मंदिर प्रांगण के अलावा मंदिर आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, कचड़ा उठाव, ड्रेनेज की सफाई आदि पर विशेष रूप से ध्यान देने का निर्देश दिया।
इस दौरान उपरोक्त के अलावे संबंधित अधिकारी, मंदिर प्रबंधक, मंदिर समन्वय समिति के सभी सदस्य एवं मंदिर कर्मचारी आदि उपस्थित थे।


