
Garhwa: जिले में रविवार को आंधी-बारिश ने भारी तबाही मचाई। सदर थाना इलाके के महुलिया गांव के बरवाही टोला में बांस गिरने से तीन लोगों की दबकर मौत हो गई। मृतकों में राजेंद्र भैया (55), फेकन भुइयां (42) और मैनेजर भुइयां (43) हैं।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि शंकर टोला में स्थित खखनू बांध में तीनों मछली मार रहे थे। तेज आंधी और बारिश होने पर तीनों पास के बांस के नीचे छुप गए।

इसी बीच बांस उखड़ गया। सभी उसमें फंस गए, जिससे उनकी मौत हो गयी। गढ़वा सदर प्रखंड के बीडीओ कुमुद झा ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद मुआवजा दिया जायेगा।


