
Palamu: दूल्हा राजा बारात जाने के लिए तैयार हो रहे थे। घर के बाहर गाड़ियां और बैंड-बाजे भी रेडी थे। पटाखें छोड़े जा रहे थे। तभी अचानक सन्नाटा पसर गया। जब दूल्हे की गर्लफ्रेंड पुलिस के साथ घर पहुंच गई। जिसके बाद पुलिस दूल्हे राजा को ससुराल की बजाय थाने लेकर आ गई। मामला पलामू जिले के मेदिनीनगर का है। बताया जा रहा है कि घर में पुलिस के पहुंचते ही लड़के के परिवार वालों के होश उड़ गए।

लड़के पर यौन शोषण का आरोप युवती ने लगाया है। पुलिस को दी अपनी शिकायत में युवती ने बताया कि बजलपुर गांव के रहने वाले करण सिंह का संबंध एक महिला से था। सतबरवा थाना क्षेत्र की यह महिला तलाकशुदा थी। करण और महिला के बीच 2016 में दोस्ती हुई। इसके बाद रिश्ता प्यार में बदल गया। दोनों के बीच कई बार शारीरिक संबंध बने। महिला का आरोप है कि युवक पिछले 6 सालों से शादी का झांसा देकर यौन शोषण कर रहा था। इसी बीच लड़के की शादी कहीं और तय हो गई। लड़की को इस बात की जानकारी मिली तो वह शादी रुकवाने के लिए मेदिनीनगर महिला थाने पहुंच गई। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया।

महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज ने बताया कि शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने संबंधी एफआईआर दर्ज कराई गई थी। लड़के का तिलक चढ़ चुका था। मटकोड़वा कार्यक्रम संपन्न हो चुके थे। शनिवार को बारात निकलनी थी। उसी वक्त तरहसी पुलिस की मदद से लड़के को अपनी गिरफ्त में ले लिया।


