Dumka: दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार को अवैध पत्थर खनन के दौरान हादसा हुआ है। यहां मझलाडीह गांव में चल रहे अवैध पत्थर खदान में ड्रिल करने के दौरान दो मजदूरों के ऊपर पत्थर गिर गया। इसमें दब जाने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई है वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। खनन स्थल से मजदूर के शव को बाहर निकाला गया। वहीं, सूचना पर एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। घायल को लेकर अस्पताल के लिए रवाना हो गई। हादसे में मरने वाले मजदूर की पहचान मुख्तार शेख के रूप में की गई है। वहीं घायल का नाम सैदूल शेख है। वह पाकुड़ जिले के सीतारामपुर रहने वाला है। घायल का इलाज पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट अस्पताल में चल रहा है।
स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना देने पर काफी देर बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची।बताया जा रहा है कि इलाके में लंबे ससय से पत्थर खनन का अवैध धंधा चल रहा है। इसकी रोकथाम के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जाता।