
Dumka: बायोमेट्रिक के ज़माने में रजिस्टर की बात छोड़िये यहां एक कागज़ का टुकड़ा भी नहीं है जहां एक सरकारी कर्मी अपना अटेंडेंस बना सके। इतना ही नहीं इसे दुर्भाग्य ही कहेंगे कि एक अस्पताल का कर्मचारी दीवार पर अपने हाजिरी का रिकॉर्ड दर्ज करता हो। जी हाँ ये हकीकत सामने आई है दुमका जिले के बासुकिनाथ स्थित राजकीय होम्योपैथिक औषधालय से।

जहां पदस्थापित फोर्थ ग्रेड कर्मचारी अशोक मंडल रोजाना अपना अटेंडेंस दीवार पर बनाते हैं। अशोक मंडल बताते हैं कि वो साल 2018 से सप्ताह में तीन दिन यहां प्रतिनियुक्त हैं। सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को अपना कर्तव्य पूरा करने अशोक यहां पहुँचते हैं।

दीवार और कैलेंडर पर अटेंडेंस बनाने को लेकर अशोक कहते हैं कि इस अस्पताल में नियुक्त कंपाउंडर हरीश कुमार ठाकुर अटेंडेंस रजिस्टर को अपने कक्ष में बंद कर चले जाते हैं। जब वो सुबह पहुँचते हैं तो हाजिरी रजिस्टर बाहर नहीं होता है। ऐसे में अटेंडेंस बनाने में परेशानी हो रही थी। जिस कारण से इसकी सूचना विभागीय अधिकारी को दी थी तो उनका साफ कहना था कि अपना रोजाना अटेंडेंस दीवार पर बना दो। तब से अब तक अपने अटेंडेंस को दीवार और कैलेंडर में बनाना शुरू कर दिया और ये सिलसिला बदस्तूर जारी है।
हालाँकि नियुक्त कंपाउंडर ने इस मुद्दे को लेकर कुछ भी कहने से साफ मना कर दिया। अब सवाल ये है कि अशोक तो अपनी ड्यूटी निभा रहे लेकिन उनके ऊपर बैठे लोग किस तरह से अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे हैं जिसका जीता जागता उदाहरण दीवार पर बना अटेंडेंस पेश कर रहा है।
By: Kunal Shantanu





