
Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के मनोहरपुर के भाजपा के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर मंगलवार को भाकपा माओवादी के नक्सलियों के हथियारबंद दस्ते ने हमला कर दिया। इस हमले में नक्सलियों ने विधायक के दस्ते में तैनात दो बॉडीगार्ड की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। एक जवान जान बचाकर भागने में सफल रहा। इस नक्सली हमला के दौरान गुरुचरण नायक भी किसी तरह ग्रामीणों के सहयोग से भाग कर जान बचाने में सफल रहे। वे सुरक्षित सोनुवा थाना पहुंच गए हैं।

गुरुचरण नायक गोइलकेरा थाना अंतर्गत प्रोजेक्ट स्कूल झीलरुवां में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होने गए थे। यह घटना शाम लगभग छह से सवा छह बजे के बीच की है। मिली जानकारी के अनुसार माओवादियों ने गुरुचरण नायक के तीनों अंगरक्षकों के हथियार लूट लिए। मारे गए जवानों में शंकर नायक और ठाकुर हेम्ब्रम शामिल है।

जान बचाकर भागने वाले जवान का नाम राम टुड्डू बताया जा रहा है। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। हमला करने वाले नक्सलियों की संख्या लगभग 100 बतायी जा रही है। यह हमला तब किया गया जब गुरुचरण नायक जनता को संबोधित कर रहे थे। किसी को समझ में नहीं आया कि क्या हुआ। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों जवानों की हत्या की गई है या उन्हें नक्सली उठा कर ले गए इसका पता लगाया जा रहा है। दूसरी ओर ग्रामीणों के अनुसार जवानों की चाकू से गला रेतकर हत्या की गई है। राज्य के एक वरीय अधिकारी ने घटना की पुष्टि की है।


