
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) के नाम से लॉकडाउन (Lockdown) लगाने का पोस्ट वायरल (Viral Post) होने के मामले में रांची पुलिस ने मामला दर्ज किया है। रविवार को गोंदा थाना में झामुमो के जिला अध्यक्ष ने मामला दर्ज किया गया है।

दर्ज कराए गए मामले में कहा गया है कि अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया पर सीएम हेमंत सोरेन की तस्वीर को छलपूर्वक इस्तेमाल करते हुए कोविड और लॉकडाउन से संबंधित झूठी खबर प्रसारित की जा रही है। इस संबंध में धारा 505 (1) (b) 420 /170/124(a) आईपीसी 54 नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम से राज्य में लॉकडाउन लगाने का पोस्ट वायरल हुआ था। इसमें प्रदेश में कोरोना के नए वैरिएंट का हवाला देकर लॉकडाउन लगाने की बात कही गई थी।
इस पर मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से बयान जारी कर कहा गया था कि मुख्यमंत्री के नाम पर वायरल किया गया पोस्ट फर्जी है। राज्य सरकार ने कोविड 19 के नाम पर लॉकडाउन लगाने का कोई फैसला नहीं लिया है।
साथ ही झारखंड पुलिस को यह निर्देश भी दिया गया था कि इस मामले की जांच करें और फर्जी पोस्ट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें।


