
Deoghar: शुक्रवार को सड़क हादसे में भाई बहन की मौत हो गई। घटना देवघर-सारवां मुख्य मार्ग स्थित कुंडा थाना क्षेत्र के बलियाचौकी के पास की है। मृतकों की पहचान ऋषभ राज (17) और उसकी चचेरी बहन इशिता तान्या (14) के तौर पर हुई है।

ऋषभ राजेश्वर प्रसाद वर्मा का इकलौता पुत्र था। ये लोग मूल रूप से भागलपुर जिला के फतेहपुर के निवासी हैं। परिवार बलिया चौकी के समीप जमीन खरीद कर घर बनवा रहा था। इशिता का परिवार बलियाचौंकी का रहने वाला है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूटी के अनियंत्रित होने के बाद पेड़ से टक्कर होने के कारण यह हादसा हुआ है, जहां दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी। इस बात की भी जानकारी मिली है कि घटना के वक्त घुमावदार रास्ते पर सामने से आ रही गाड़ी से बचने के दौरान यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही कुंडा थाना के एएसआइ के साथ घटनास्थल पहुंचे। वहीं भाई-बहन की मौत की सूचना पर मौके पर भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुट गई लेकिन मृतकों के स्वजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद उनलोगों को दोनों शव सौंप दिया गया।


