
Deoghar: लोक आस्था के महापर्व छठ व्रत की तैयारियों को लेकर देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने शहर के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त द्वारा शिवगंगा सरोवर, डढ़वा नदी, छत्तीसी तालाब, रोहिणी तालाब, जलसार तालाब, माथाबांध आदि पहुँचकर वहाँ की वस्तुस्थिति व साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, यातायात सुविधा का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व को देखते हुए इन घाटों पर साफ-साफाई की व्यवस्था अच्छी तरह से रहे ताकि छठ व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके अलावे छठ व्रतिओं व श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए उपायुक्त ने एनडीआरएफ की टीमों को शिवगंगा व नन्दन पहाड़ पर बोट व अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं के साथ प्रतिनियुक्त रहने का निदेश दिया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को घटित होने से रोका जा सके। आगे उपायुक्त ने छठ पर्व और दीपावली को लेकर नगर निगम क्षेत्र में अस्थाई स्थल चिन्हित करने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया, ताकि स्थानीय कारीगरों द्वारा छठ पर्व को लेकर सूप, डलिया के अलावा दीपावली को लेकर मिट्टी के दीपक, बर्तन आदि को आसानी से बेज सके।


छठ घाट निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शिवगंगा समीप प्रसाद योजना के तहत बन रहे कमान्ड कंट्रोल सेंटर के कार्यों की वास्तुस्थिति का जायजा लिया। इसके अलावे उपायुक्त ने विभिन्न छठ घाटों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था के साथ-साथ यातायात व सुरक्षा को लेकर दण्डाधिकारियों व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति ससमय कर दी जाय। साथ हीं उन्होंने विधि व्यवस्था को लेकर संबंधित वरीय अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया।
आगे उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निदेशित किया कि सभी छठ घाटों का लगातार भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी छठव्रतियों व श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। सबसे महत्वपूर्ण सभी छठ घाटों पर प्लास्टिक और थर्मोकोल के उपयोग को पूर्णतः प्रतिबंधित करने के अलावा इससे संबंधित साईनेज व बोर्ड लगाने का निदेश संबंधित अधिकारियों को दिया। वहीं उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निदेशित किया कि छठ घाटों के समितियों से समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें, ताकि किसी भी तरह की कठिनाईयों का सामना छठव्रतियों को न करना पड़े।

इसके अलावे निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने वर्तमान में कोरोन संक्रमण के नये वेरियंट को लेकर सभी को सतर्क व सावधान रहने की बात कही। साथ हीं उन्होंने कहा कि स्वच्छ देवघर के तहत सभी का यह प्रयास होना चाहिये कि हम छठ पर्व के दौरान इन घाटों को स्वच्छता मिसाल के रूप में पेश करें। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा किये जा रहे कार्यों के साथ-साथ आम जनमानस का सहयोग आपेक्षित है। वहीं उन्होंने लोक आस्था के इस महापर्व को सौहार्द एवं शांतिपूर्ण रूप से मनाने हेतु आमजनों से अपील की।
निरीक्षण के क्रम में उपरोक्त के अलावे नगर आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल, अपर समाहर्ता चंद्र भूषण प्रसाद सिंह, जिला नजारत उप समाहर्ता परमेश्वर कुमार मुण्डा, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी रवि कुमार, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी देवघर जितेन्द्र कुमार यादव, अंचल अधिकारी देवघर, नगर निगम के अधिकारी, कार्यपालक अभियंता, एनडीआरएफ के कमान्डेंट, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं संबंधित विभाग व नगर निगम के अधिकारी आदि उपस्थित थे।


