रांची: झारखंड सरकार ने राज्य में सभी मंदिरों को खोलने की अनुमति दे दी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके साथ ही स्कूलों में क्लास 6 से ऊपर सभी कक्षाओं को खोलने की अनुमति दी गई है।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार देवघर स्थित बाबाधाम मंदिर, रजरप्पा छिन्मस्तिका धाम, इटखोरी स्थित भद्रकाली मंदिर सहित तमाम बड़े मंदिरों में अब हर घंटे 100 लोग पूजा अनुष्ठान में शामिल होने सकेंगे। छोटे धार्मिक स्थलों में 1 घंटे में 50 लोगों को शामिल होने की अनुमति मिली है।
मंदिरों के अलावा स्कूलों में क्लास 6 से ऊपर सभी कक्षाओं को खोलने की अनुमति दे दी गई है। सभी जगहों पर covid गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होगा।
इस बैठक में लिए गए जरूरी फैसले:-
- धार्मिक स्थलों को खोलने की अनुमति दी गई है। राज्य के बड़े मंदिरों में प्रति घंटा 100 लोगों को दर्शन करने की अनुमति दी गई है। वहीं छोटे मंदिरों में क्षमता के हिसाब से 50 प्रतिशत लोग दर्शन कर सकेंगे।
- दुर्गा पूजा को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। पंडाल बनाया जाएगा, लेकिन आम लोगों के दर्शन पर प्रतिबंध रहेगा। मेला नहीं लगेगा। प्रसाद वितरण नहीं किया जाएगा। मां दुर्गा की मूर्ति की ऊंचाई 5 फीट तक की होगी।
- 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को मंदिर या पंडाल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
- रविवार को होने वाले बंद को खत्म कर दिया गया है। सभी दुकानें अब रविवार को भी खुलेंगे।
- स्कूलों में क्लास 6 से ऊपर सभी कक्षाओं को खोलने की अनुमति दे दी गई है।