रांची: झारखंड में RJD को मजबूत करने के उद्देश्य से बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव दो दिवसीय दौरे पर 18 सितंबर को रांची आ रहे हैं। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में पार्टी नेता व कार्यकर्ता तेजस्वी यादव का जोरदार स्वागत करेंगे।
वहीं, 19 सितंबर को राजधानी रांची में पार्टी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान पार्टी में 10 लाख नये सदस्य बनाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।
तेजस्वी यादव के झारखंड दौरे को लेकर प्रदेश राजद अध्यक्ष अभय सिंह ने पार्टी ऑफिस में पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि राजधानी रांची में तेजस्वी यादव का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जायेगा। साथ ही कहा कि आज तेजस्वी यादव पर पूरे देश की नजर है। तेजस्वी यादव झारखंड में राजद को मजबूत करने आ रहे हैं। उनके स्वागत को भी ऐतिहासिक बनाने के लिए ढोल, नगाड़ा, मांदर, छऊ नृत्य आदि का आयोजन होगा। साथ ही राजद के झंडा-बैनर से शहर को सजाया जाना है।
युवा RJD प्रदेश प्रवक्ता रविप्रकाश जायसवाल के मुताबिक, नये सदस्यों को जोड़ने के लक्ष्य के आधार पर पार्टी के हर कार्यकर्ता इस मुहिम में जुड़ गये हैं।