
धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक ने कार का शीशा तोड़कर उसमें रखे लैपटॉप और अन्य कीमती सामान की चोरी का प्रयास किया। पर लोगों ने उसे दबोच लिया। मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपी युवक की जमकर पिटाई कर दी।

इसके बाद मौके पर सरायढेला पुलिस ने पहुंचकर आरोपी युवक को भीड़ के कहर से बचाया और पकड़कर थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ चल रही है।

दरअसल, मेगा शॉप नामक प्रतिष्ठान के सामने एक कार खड़ी थी। युवक ने पहले बाहर से कार का मुआयना किया और अंदर लैपटॉप देख, उसकी चोरी के प्रयास में जुट गया। युवक ने कार का शीशा तोड़ दिया और लैपटॉप व अन्य कीमती सामान को निकालने का प्रयास करने लगा। इसी बीच लोगों की उसपर नजर पड़ गई और उसे पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने चोर की पिटाई कर दी।


