रांची: प्रदेश भाजपा (Jharkhand BJP) ने पूरे राज्य में हेमंत सरकार (Hemant Government ) की नीतियों के खिलाफ शनिवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया गया। भाजपा रांची महानगर की ओर से मोराबादी मैदान में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
दीपक प्रकाश ने कहा है कि झामुमो, कांग्रेस और राजद की सरकार झारखंड को लूटने का काम कर रही है। इस सरकार में राज्य को लूटने की छूट है। बालू से लेकर आयरन और कोयले की तस्करी की छूट सरकार ने भी रखी है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान लोगों को बचाने का नहीं बल्कि कफन बांटने का काम किया। अगर सरकार में नैतिकता है तो रूपा तिर्की मामले की सीबीआई जांच कराए। भाजपा के 142 कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे लगाने का काम इस सरकार ने किया। राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो गई है।
जफर इस्लाम ने कहा कि यह सरकार आदिवासियों की चिंता बिल्कुल नहीं कर रही है। यहां विधि व्यवस्था बिल्कुल खत्म हो चुका है। महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं बिचौलिए हावी हैं। हेमंत सरकार ने तमाम वादे किए थे लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। हेमंत सरकार को सरकार में रहने का कोई अधिकार नहीं है। इस अवसर पर विधायक सीपी सिंह, मेयर आशा लकड़ा सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, राष्ट्रीय प्रवक्ता जफर इस्लाम, विधायक सीपी सिंह, मेयर आशा लाकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय आदि मौजूद थे।