
बस्ती: नगर थाना स्थित नेशनल हाइवे 28 के पुरैना चौराहे पर खड़े कन्टेनर में पीछे से बेकाबू कार घुस गई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। एक बच्ची को सुरक्षित निकाला गया। कार चालक की हालत गंभीर है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी कलवारी आलोक प्रसाद ने बताया कि मूलरुप से झारखंड के रहने वाले अब्दुल अजीज करीब 20 सालों से लखनऊ के आशियाना में रहकर प्रोप्रटी का काम करते थे। प्राथामिक जांच में यह जानकारी मिली है कि अब्दुल अजीज की माता का देहांत बुधवार को हो गया था। वह रात में तकरीबन एक बजे परिवार के साथ कार से अपने गांव झारखंड के गोड्डा जिले के सिरसी महगमा के लिए निकले थे।

अब्दुल अपनी कार से नगर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कटया गांव के पास पहुंचे ही थे कि हादसे का शिकार हो गये। अनियंत्रित कार खड़े कंटनेर में जा घुसी और इस दुर्घटना में अब्दुल अजीज, उनकी पत्नी नर्गिस तबस्सुम, बेटियां अनम, सिजरा, तुबा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि कार चालक अभिषेक व एक पांच वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।


