
साहिबगंज: राजमहल थाना क्षेत्र के जामनगर गांव में बंधक बनाये गए एक युवक को मुक्त कराने गयी पुलिस टीम पर भीड़ ने पत्थर से हमला कर दिया। उग्र भीड़ को शांत कराने के लिए पुलिस को आंसू के गोले और हवाई फायरिंग तक करनी पड़ी। जिसके बाद युवक को छुड़ाया जा सका।


दरअसल, शनिवार शाम जामनगर हापु टोला निवासी मोहम्मद ऐनुल की तालाब में डूबने से मौत हो गई थी। लेकिन उसके परिजनों ने डूबाकर मारने का आरोप लगाया था। जिसके बाद से ही माहौल तनावपूर्ण था। वहीं, रविवार को उधवा से लौट रहे पूर्व मुखिया हरिबोल मंडल के पुत्र को जामनगर मंगलहाट के पास बाइक से किसी व्यक्ति को धक्का मारने का आरोप लगा पकड़ लिया, फिर पिटाई कर बंधक बना लिया, उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी गयी और सड़क जाम कर दिया गया।

सड़क जाम हटाने और बंधक बनाए गए युवक को मुक्त कराने के लिए पुलिस टीम जामनगर पहुंची। काफी मशक्क्त के बाद जब जाम हटा लिया गया तो ग्रामीण लाठी-डंडे के साथ सामने आ गए। जैसे ही युवक को मुक्त कराने पुलिस टीम आगे बढ़ी, भीड़ के द्वारा पुलिस पर पथराव किया जाने लगा। बचाव में पुलिस के द्वारा छह से सात राउंड गोली भी चलाई गई और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। जिसके बाद पुलिस युवक को वहां से सुरक्षित छुड़ा कर थाने ले आई।
साहिबगंज डीसी रामनिवास यादव ने कहा ” जामनगर में फ़िलहाल स्थिति सामान्य है। ऐतियात के तौर पर इलाके में जवानों को तैनात कर दिया गया है।”


