
Dhanbad: उत्तर प्रदेश के कुख्यात शूटर गुड्डू शुक्ला से संबंध रखने वाले और चिरकुंडा के मोस्ट वांटेड आरोपित आनंद वर्धन उर्फ मंटू कश्यप की रविवार को धनबाद जेल में मौत हो गई। मंटू, विनोद झा हत्याकांड मामले में जेल में बंद था। रविवार सुबह मंटू ने सांस लेने में तकलीफ और सीने में दर्द होने की शिकायत जेल प्रशासन से की। इसके बाद उसे SNMCH ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मंटू कश्यप को धनबाद जेल के क्वारंटाइन वार्ड में रखा गया था। उपायुक्त उमाशंकर सिंह के निर्देश पर मृतक के पोस्टमार्टम के लिए टीम गठित की गई है। जेल अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि मंटू की मौत शायद दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुई है। उन्होंने बताया कि मृतक ने सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत की थी। उसे सुबह 6ः00 बजे SNMCH भेजा गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि चिरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत तालडंगा निवासी मंटू यूपी के शूटर गुड्डू शुक्ला का करीबी बताया जाता था। इस वर्ष 24 फरवरी को तालडंगा हाउसिंग कॉलोनी में विनोद झा की हत्या कर दी गई थी, जिसका मुख्य आरोपित मंटू कश्यप ही था। बताया गया है कि मंटू लोक जन शक्ति (LJP) पार्टी का कार्यकर्ता भी था और सूदखोरी का कारोबार भी किया करता था।
इसी धंधे में पैसे की लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद विनोद झा ने मंटू का साथ छोड़ दिया था। इसके बाद मंटू ने उसकी हत्या करवा दी थी। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मंटू कश्यप को पुलिस ने 28 जून को गिरफ्तार कर धनबाद जेल भेज दिया था। तब से वह धनबाद जेल में ही बंद था।


