
गिरिडीह: जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में बुधवार को पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। घटना बिरनी के पंडरमनिया गांव की है। दोनों एक ही परिवार के थे।

मृतकों की पहचान पंडरमनिया गांव के पीयूष कुमार मंडल और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खैरोनिया के राजकुमार मंडल के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 14 साल से कम थी। बताया गया कि राजकुमार मंडल अपने मामा के घर पंडरमनिया आया हुआ था। पीयूष और राजकुमार एक दूसरे के ममेरा- फुफेरा भाई हैं। दोनों आज दोपहर में पहले शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान गड्ढे में पीयूष का पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गया। उसे पानी में डूबता देखकर राजकुमार उसे बचाने के लिए कूद पड़ा। गड्ढे में पानी अधिक होने के कारण वह भी डूब गया। कुछ ही देर में दोनों की मौत हो गई।

ग्रामीणों ने दोनों के शवों को गड्ढे से बाहार निकाला। इस घटना के बाद गांव में मातम छा गया। बताया गया है कि ईंट निर्माण के लिए एक बड़ा गड्ढा खोदा गया था। उसमें बारिश का पानी लबालब भर गया था, जिसमे डुबने से दोनो बच्चों की मौत हो गयी।


