
देवघर: मोहनपुर थाना क्षेत्र के बुढ़वा कुरा गांव के समीप सोमवार की दोपहर फाईनांस कर्मी से लूट मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो लूटेरे को गिरफ्तार किया है साथ ही उसके पास से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल, टैब सहित लूट के 6 हजार रुपये भी बरामद कर लिये हैं।

एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने बताया कि भारत फाईनांस के एक कर्मी अशोक कुमार शर्मा लोन का पैसा कलेक्शन कर अपनी गाड़ी से नागपुर से बुढाकुरा की ओर जा रहा था। नागपुर के जंगल में दो अपराधी ने गाड़ी रोककर मारपीट की और अशोक की मोटरसाईकिल की चाभी छीन लिया साथ ही डिक्की में रखा कलेक्शन का पैसा 20000 रुपया और पॉकेट से 5000 रुपया, एक मोबाईल और एक टैब लेकर फरार हो गया। जबकि दो अन्य अपराधकर्मी कुछ दूरी पर बिना नंबर के एक बाइक से रेकी कर रहे थे।

शिकायतकर्ता के आवेदन के आधार पर मोहनपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहनपुर थाना क्षेत्र के बूढाकुरा थाना से काण्ड में संलिप्त दो अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया। जिनकी निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाईकिल, काण्ड में प्रयुक्त मोटरसाईकिल , लूटी गई रकम में से 6000 हजार रुपया और दो मोबाईल भी बरामद किया गया है। लूट काण्ड में शामिल अन्य दो अपराधकर्मी राजू यादव और पवन राय, जो दुमका के रहने वाले हैं , दोनों अब भी फरार हैं।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रमोद कुमार यादव और लक्ष्मण राय पूर्व में दुमका नगर थाना और सरैयाहाट थाना से बैंक लूट काण्ड एवं पैसे की छिनतई में पहले भी जेल जा चुका है।


