
रांची: झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो कोरोना को हराने के बाद लगभग आठ महीने बाद सोमवार की देर शाम को चार्टर्ड विमान से रांची पहुंचे। रांची पहुंचने पर बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और हालचाल जाना। शिक्षा मंत्री अब पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। रांची पहुंचने के बाद वह बिरसा मुंडा हवाई अड्डा से सीधे डोरंडा स्थित अपने आवास चले गए।

उल्लेखनीय है कि शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का इलाज चेन्नई के एमजीएम अस्पताल में चल रहा था। कोरोना संक्रमित होने के बाद उनको रांची के मेडिका और रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति गंभीर होते देख उन्हें चेन्नई के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनका लंग्स ट्रांसप्लांट किया गया है। उनको रांची लाने के लिए रिम्स के दो डॉक्टरों की टीम सोमवार की सुबह चेन्नई रवाना हुई थी। दोनों डॉक्टर मंत्री के साथ रहे और उनके हेल्थ पर नजर रखे हुए थे। वे पिछले वर्ष 28 सितंबर को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।


