मधुपुर(देवघर)
भाजपा विधायक सह भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष नारायण दास ने कहा है कि जब जब मधुपुर में झारखंड मुक्ति मोर्चा की चुनाव में जीत में होती है। तब तब यहां अत्याचार बढ़ जाता है। यह कोई नई बात नहीं है पूर्व में भी यहां निर्मम हत्या की घटना हो चुकी है। दो दिनों पूर्व करौं प्रखंड के गंजेबारी गांव निवासी 21 वर्षीय विक्रम रवानी की निर्मम हत्या घर से बुलाकर की गई है। दो दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस नहीं कर पायी है। हत्यारे की गिरफ्तारी और उसे कड़ी सजा दिलाने को लेकर डीसी और एसपी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
वर्तमान में लाकडाउन को लेकर धरना, प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम नहीं किया जाएगा लेकिन जैसे ही लॉकडाउन समाप्त होगा नवयुवक विक्रम रवानी के हत्यारों को गिरफ्तारी के लिए भारतीय जनता पार्टी जोरदार आंदोलन को बाध्य होगी। मृतक विक्रम के परिजनों से मिलकर घटना की विस्तार पूर्वक जानकारी ली गई है। मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने तक भारतीय जनता पार्टी चुप नहीं बैठेगी। मौके पर भाजपा जिला महामंत्री अधीर चन्द्र भैया, जिला परिषद सदस्य बलवीर राय, मोहन कुमार, दिलीप यादव, विश्वनाथ रवानी, अशोक यादव,अजीत रवानी, बजरंगी रवानी इत्यादि उपस्थित थे।