
देवघर: देवघर एयरपोर्ट शुरू होने का इंतज़ार तमाम संथाल परगना वासी बेसब्री से कर रहे हैं. लेकिन, हर बार कुछ न कुछ दिक्कतें सामने आ जाती है. इस बार एयरपोर्ट की शुरुआत में रुकावट की वजह गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने राज्य सरकार को बताया है. इतना ही नहीं सांसद निशिकांत ने सूबे की हेमंत सरकार को अल्टीमेटम भी दे दिया है कि अगर काम में रुकावट बनें तो आन्दोलन झेलने के लिए तैयार रहें.
राज्य सरकार ने अटका रखा है काम: निशिकांत

मंगलवार को गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे देवघर एयरपोर्ट का निरिक्षण करने पहुंचे. वहां अधिकारियों से मौजूदा स्थिति को समझा. मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. दुबे ने कहा कि बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट के साथ ही देवघर एयरपोर्ट को चालू हो जाना था, लेकिन यहाँ कि सरकार को देवघर के विकास से समस्या है. उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट शुरू करने में दो दिक्कतें सामने आ रही है एक अप्रोच सड़क और दूसरा ड्रेनेज सिस्टम. जिसकी फाइल पिछले आठ माह से हेमंत सरकार ने अटका रखा है.

राज्य सरकार को अल्टीमेटम

सांसद निशिकांत ने सूबे की सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि अगर कोरोना काल खत्म होने के 15 दिन के अंदर देवघर एयरपोर्ट के लिए अप्रोच सड़क और ड्रेनेज सिस्टम की फाइल को क्लियर नहीं करते हैं तो वो खुद यहाँ धरने पर बैठेंगे और पुरे देवघर को बंद किया जायेगा.

वरदान साबित होगा देवघर एयरपोर्ट
सांसद ने कहा कि देवघर एयरपोर्ट यहाँ के लिए वरदान साबित होगा. देवघर एम्स की भी शुरुआत होने जा रही है, ऐसे में कोरोना काल में एयर एम्बुलेंस के ज़रिये जरूरत पड़ने पर मरीज को जल्द से जल्द बेहतर स्वाथ्य सुविधा पहुंचाई जा सकती है. ऐसे में देवघर एयरपोर्ट को जल्द चालू करने की ज़रूरत है.


