
मधुपुर (देवघर): देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में इन दिनों डकैती, लूट व गोली चलाकर जानलेवा हमला के पांच अलग-अलग मामले का उद्भेदन देवघर एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने सोमवार को किया।

मधुपुर थाना में पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस कप्तान अश्विनी कुमार सिन्हा ने बताया कि मधुपुर, सारठ, चितरा, पालाजोरी और करौं में पिछले दिनों डकैती, लूट और गोली चलाकर जानलेवा हमला करने वाले अपराधिक गिरोह का पर्दाफाश पुलिस ने कर लिया है। विशेष टीम द्वारा चितरा और पालोजोरी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चितरा के जमुनीटांड़ गांव निवासी फिरोज अंसारी, करमाटांड़ थाना क्षेत्र के लोहारबंधा निवासी शमशेर मियां और जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना अंतर्गत नारोडीह गांव निवासी नौशाद अंसारी को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि इन कांडों के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मधुपुर विनोद रवानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सारठ अमोद नारायण सिंह के नेतृत्व में किया गया था।
एसपी ने बताया कि फिरोज अंसारी के पास से एक देशी पिस्टल, मैगजीन जिसमें चार चक्र जिंदा गोली और कांड में इस्तेमाल किये गए मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। गिरफ्तार शमशेर अंसारी के पास से एक देशी पिस्टल, मैगजीन जिसमें 4 चक्र जिंदा गोली और पालोजोरी सीएसपी संचालक से लूटा गया मोबाइल फोन और नौशाद अंसारी के पास से एक मैगजीन जिंदा गोली लोड बरामद किया गया है। लूटा गया 16 हजार 300 रुपया भी बरामद किया गया है। पकड़े गए सभी अपराधकर्मियों ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। वहीं अपराधियों ने कांड में शामिल अपने अन्य साथियों का नाम बताया है।
गिरोह में करमाटांड थाना क्षेत्र के अमराटांड़ निवासी हमीद अंसारी उर्फ मुखिया, मुस्तकिम अंसारी, कुरूवा गांव का जाकीर अंसारी, गुल मोहम्मद,बरियारपुर का डोमा, लोहरबंधा गांव का पांचु उर्फ मौलवी, भिठरा नवाडीह का याजिम उर्फ लम्बु सहित जामताड़ा जिला के नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनीया गांव निवासी गुनुवा, चिरुडीह का रफीक, सद्दाम, बिहारी और नुरगी गांव का फारूख शामिल है। पुलिस कप्तान ने बताया कि इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
वहीं, गिरफ्तार तीन लोगों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में पुलिस को बताया है कि 23 मई की सुबह करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास एक व्यक्ति से 30 हजार की लूट की थी। 2 माह पूर्व नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएसपी संचालक से लूटपाट और करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भी अन्य जगहों से लूटपाट करने की बात अपराधियों ने स्वीकार की है।
गिरोह का मुख्य सरगना पुलिस की गिरफ्त से बाहर
एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के अमराटांड़ गांव निवासी हमीद अंसारी उर्फ मुखिया है। हमीद अंसारी 4 से 5 अपराधिक गिरोह का संचालन करता है। वह आपराधिक गिरोह को हथियार, सूचना और बाइक उपलब्ध कराता है। बड़े आपराधिक घटना में हमीद खुद भी शामिल रहता है। आपराधिक गिरोह घटना को अंजाम देने के बाद डकैती या लूट के पैसे में से 15 से 20 प्रतिशत तक इसे कमीशन देते हैं।
इन मामलों का हुआ पर्दाफाश
- 22 अप्रैल को मधुपुर थाना क्षेत्र के जनवरी एस आर डालमिया रोड स्थित व्यवसायी मनोज कुमार मोदी के दुकान सह कार्यालय से 5 लाख नगद, दो लैपटॉप, 2 मोबाइल की लूट को अंजाम दिया गया था।
- सारठ थाना क्षेत्र के बाईपास रोड शांति चौक स्थित कपड़ा व्यवसायी उत्तम पौदार के दुकान से गत 8 मई को 40 हजार रुपया नगद, एक मोबाइल, एक लैपटॉप की लूट हुई थी।
- पालाजोरी थाना अंतर्गत पालोजोरी सारठ मुख्य मार्ग में बांधडीह स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी संचालक अताउल अंसारी के सीएसपी बैंक से दो लाख 20 हजार रुपया, दो मोबाइल लूट हुई थी।
- चितरा थाना अंतर्गत नारंगी मोड़ स्थित पंचायत भवन में गत 12 मई को अज्ञात अपराधियों द्वारा लूटपाट करने की नियत से फायर कर विमल कुमार सिंह नामक व्यक्ति को घायल कर फरार हो गए थे।
- करौं थाना क्षेत्र के तुलसीटांड़ निवासी सिराज अंसारी के घर में घुसकर अज्ञात अपराधियों द्वारा गत 22 मई को 2 लाख 40 हजार नगद, जेवर और दो मोबाइल फोन लूटपाट किया था।


