
रांची: झारखंड के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख को सूबे के विभिन्न जिलों से बढ़ी हुई कीमतों पर खाद मिलने की शिकायत मिल रही है. जिसे गंभीरता से लेते हुए कृषि मंत्री ने सचिव को निर्देश दिया कि इस संदर्भ में सभी जिलों के उपायुक्तों को जांच कर कड़ी कार्रवाई करने को कहें. इसके लिए टास्क फोर्स का गठन किया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.

कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान जिलों से मिली शिकायतों के बाद खाद की कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई की गई थी. कालाबाजारी करने वालों के लाइसेंस निलंबित किए गए थे. कई पर प्राथमिकी भी दर्ज की गयी थी. अगर इस बार भी यह शिकायतें मिल रही हैं, तो कालाबाजारी करने वाले कार्रवाई के लिए तैयार रहें.

कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान किसान खुद परेशान हैं. उनके लिए खेती ही उनके जीविकोपार्जन के लिए अहम है. ऐसे में कालाबाजारी की शिकायत को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. विभागीय सचिव को कहा गया है कि वह सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश जारी करें कि जिले में टास्क फोर्स का गठन कर दोषियों पर कार्यवाही की जाए.
वहीं, देवघर के उपायुक्त से दूरभाष पर कृषि मंत्री ने खुद बातचीत की और उन्हें कहा कि जिले से किसानों द्वारा उन्हें शिकायतें की जा रही हैं कि खाद की कालाबाजारी हो रही है. ऐसे में अविलंब टीम का गठन कर छापामारी करें और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए. ताकि किसानों को कोई परेशानी न हो.



