
रांची
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कहा है कि भाजपा सहयोगात्मक रवैया अपनाए और भ्रम फैलाना बंद करे। झामुमो के प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने गुरुवार को कहा कि विपत्ति काल में हम दिन गुजार रहे हैं। कभी-कभी भाजपा के लोग कुछ ऐसी हरकत कर देते हैं और हंसी दिलाने का काम करते हैं। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने हंसी दिलाने का काम किया।

भट्टाचार्य ने कहा कि हमने कोरोना संकट काल में कई पत्रकारों को खोया है। हमें उनके प्रति दुख है। उनके प्रति संवेदनाएं हैं। उनके परिवार कैसे आगे बढ़े हमें प्रयास करना चाहिए। पेंडामिक एक्ट और डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत भारत सरकार के नियंत्रण में है। यह गृह विभाग और स्वास्थ्य विभाग का है। दीपक प्रकाश सांसद हैं और यहां से भाजपा के सहयोगी दलों को मिलाकर कुल 16 सांसद हैं। वह केंद्र सरकार के संज्ञान में लाएं।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष वैक्सीनेशन के लिए 38 हजार करोड़ रुपए का बजट पेश किया गया। लेकिन रिसर्च, प्रोडक्शन के लिए और सिरम इंस्टीट्यूट को पैसे नहीं दिए गए। कुछ बाजार से और विदेशों से जुटाए गए पैसे को दिया गया। भट्टाचार्य ने कहा कि वैक्सीनेशन के बाद जो सर्टिफिकेट आता है उसमें प्रधानमंत्री का फोटो आता है। लेकिन इसका क्रेडिट उन्हें नहीं जाता।

उन्होंने कहा कि आपकी दुश्मनी कांग्रेस से हो सकती हैं लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने 18 अप्रैल को चिट्ठी लिखी। लेकिन एक महीने तक उस चिट्ठी पर ध्यान नहीं दिया गया। 19 मई को आप निर्णय ले लेते हैं। इसका जवाब देश पूछ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 20 लाख करोड़ का जो पैकेट आया था उसका जवाब भी भाजपा को देना चाहिए। 2024 आने वाला है जिस तरह जनता ने केरल, पश्चिम बंगाल और यूपी पंचायत चुनाव में भाजपा को आईना दिखाने का काम किया है। उसी तरह आने वाले चुनाव में भी इनको आईना दिखाने का काम जनता करेगी।


