
रांची: कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए झारखंड में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह यानि लॉकडाउन लागू है। इस दौरान रांची की सीमा में प्रवेश करने वालों की सख्ती से जांच की जा रही है। बिना ई-पास के इंट्री राज्य में प्रतिबंधित है। सीमाई इलाकों में पुलिस को अलर्ट मोड में काम करने की हिदायत दी गई है। जिले में बने चेक प्वाइंट पर पुलिस पदाधिकारी व कर्मी कैसे काम कर रहे हैं, इसे देखने के लिए रांची के एसएसपी एसके झा सादे लिबास और निजी गाड़ी से निकल गए।

एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा मुरी में झारखंड-बंगाल सीमा पर जाँच कर रहे थे। यहां तैनात हवलदार जनार्धन मंडल ने उनसे ई-पास मांग लिया। पास नहीं दिखाने पर हवालदार जनार्दन मंडल ने एसएसपी एसके झा की गाड़ी को आगे जाने से रोक दिया। हवालदार को पूरी निष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी निभाता देख एसएसपी खुश हुए और जनार्दन मंडल को पुरस्कृत करने का आदेश दिया।


एसएसपी एसके झा के आदेश पर ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने हवलदार को पुरस्कृत किया है। हवलदार जनार्दन मंडल मुरी ओपी में तैनात हैं। आज उन्हें ग्रामीण एसपी ने 500 रुपए का पुरस्कार दिया है। हवालदार जनार्दन मंडल की मुरी में झारखंड-बंगाल बॉर्डर पर तैनाती है।
चेक प्वाइंट की जांच करने निकले थे एसएसपी
ग्रामीण एसपी नौशाद आलम के मुताबिक जिले में बने चेक प्वाइंट पर उनके पदाधिकारी-कर्मी कैसे काम कर रहे हैं, इसी को देखने के लिए एसएसपी सहित सभी वरीय पदाधिकारी जांच में निकले थे। हवलदार जनार्दन मंडल ने बिना ई-पास के होने पर एसएसपी के वाहन को रोका था। पुलिसिंग के लिए यह एक सराहनीय कार्य था। एसएसपी ने हवलदार के इस कार्य को सराहा और ग्रामीण एसपी को पुरस्कृत करने का निर्देश दिया।


