

रांची।

झारखंड के मधुपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव 17 अप्रैल को होना है। मतदान की अवधि में बढ़ोतरी की गयी है। शनिवार को चुनाव आयोग ने मतदान की अवधि में बढ़ोतरी की घोषणा की है। चुनाव आयोग ने कहा है कि उपचुनाव में 409 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम के 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। जबकि, 2019 के आम चुनाव में शाम पांच बजे तक क्षेत्र में वोट डाले गये थे।

चुनाव आयोग ने कहा है कि यह क्षेत्र नक्सल प्रभावित क्षेत्र नहीं है। इसी को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है। इस बार एक घंटा अधिक समय दिया गया है।
मधुपुर उपचुनाव के लिए 409 मतदान केंद्र के साथ 78 सहायक मतदान केंद्र बनाये गए हैं। जो कोविड संक्रमण के मद्देनजर दिये गये हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, ऐसे मतदान केन्द्र जहां 1000 से ज्यादा वोटर हैं, वहां उसी भवन के दूसरे कक्ष में सहायक मतदान केन्द्र बनाया जाना सुनिश्चित किया गया है।

मतदान के दौरान मतदाताओं को कोविड दिशा-निर्देश का पालन करना होगा। इस दौरान लोगों को बूथ पर प्रशासन की ओर से तय की गई दूरी, मास्क, सैनिटाइजर के साथ ही वोट देने दिया जायेगा। इसके पहले मतदाताओं की जांच भी थर्मल स्कैनर से की जायेगी।
मधुपुर विधानसभा सीट के कुल मतदाता तीन लाख 21 हजार 193 हैं। इनमें पुरुष मतदाता एक लाख 69 हजार 754 हैं। वहीं महिला मतदाता एक लाख 51 हजार 439 हैं।



