

मधुपुर (देवघर)

Madhupur By Election 2021: मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर मंगलवार को नामांकन के अंतिम दिन पांच प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया।

भाजपा प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह के अलावा अशोक ठाकुर, अशोक मोदी, अशोक शर्मा और राजेंद्र कुमार ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी योगेंद्र प्रसाद के समक्ष नामांकन का पर्चा दाखिल किया।
भाजपा प्रत्याशी गंगा नारायण अपने समर्थकों के साथ अनुमंडल कार्यालय पहुंचे और चार सेट में नामांकन का पर्चा दाखिल किया। वहीं चुनावी समीकरण को चुनौती देने के लिये अपने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ अशोक ठाकुर अनुमंडल कार्यालय पहुंचे व नामांकन का पर्चा दाखिल किया। उनके साथ 2009 में मधुपुर से भाजपा प्रत्याशी रहे अभिषेक झा भी थे, जिसकी चर्चा जोर शोर से हो रही है। अशोक ठाकुर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतरे हैं। इके अलावा अशोक शर्मा, अशोक मोदी व राजेंद्र कुमार भी नामांकन पर्चा दाखिल किया है।

बता दें कि इससे पहले गुरुवार को दो प्रत्याशियों ने नामांकन का पर्चा भरा था। इनमें सूबे के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने झामुमो प्रत्याशी के रूप में नामांकन का पर्चा दाखिल किया है। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में किशन कुमार बथवाल ने एक सेट में पर्चा भरा है। जबकि शुक्रवार को एक प्रत्याशी उत्तम कुमार यादव ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया था।
वहीं, उपचुनाव के लिए झामुमो गठबंधन व भाजपा समेत कुल आठ प्रत्याशियों ने नामांकन का पर्चा दाखिल किया है। बुधवार को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी। जबकि तीन अप्रैल को नाम वापसी की अंतिम तिथि है। स्क्रूटनी एवं नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद ही पता चल पाएगा कि चुनावी मैदान में कौन-कौन प्रत्याशी डटे रहेंगे।




