

रांची।

झारखंड में वोटर्स को नई सुविधा दी गई है। अब वे अपना डिजिटल मतदाता पहचान पत्र (E-EPIC) डाउनलोड कर सकते हैं। इसके शुरुआत राज्य में हो गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि कोई भी मतदाता अब अपने मोबाइल, कंप्यूटर या लैपटॉप पर ई-एपिक पीडीएफ फॉर्म में डाउनलोड कर सकता है। यह इलेक्ट्रॉनिक मतदाता पहचान पत्र निर्वाचन से संबंधित सभी कार्यों में मतदाता के पहचान पत्र के रूप में पूरे देश में मान्य होगा, बशर्ते व्यक्ति का नाम किसी भी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज हो। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी गुरुवार को मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

के रवि कुमार ने बताया कि 15 मार्च तक यह सुविधा झारखंड में 1,20,788 नए मतदाताओं के लिए है। नए निबंधित मतदाता भी भारत निर्वाचन आयोग के वोटर हेल्पलाइन एप या वोटर पोर्टल पर खुद को निबंधित कर डिजिटल फोटो मतदाता पहचान पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

के रवि कुमार ने बताया कि इसे डाउनलोड करने के लिए एक मार्च से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 15 मार्च तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर इस कार्य को करवाएंगे। मतदाताओं के सहयोग के लिए 7 मार्च और 13 मार्च को मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
आईकार्ड डाउनलोड करने के लिए कराना होगा KYC
15 मार्च के बाद अन्य सभी मतदाताओं के डिजिटल मतदाता पहचान पत्र डाउनलोड से संबंधित कार्य शुरू किए जाएंगे। वैसे मतदाता जिनके मोबाइल नंबर मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, वे kyc.gov.in में केवाइसी संपन्न कर निबंधित मोबाइल से डिजिटल मतदाता पहचान पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।



