

रांची।

कृषि कानून (agriculture bill) के खिलाफ अब झारखंड में कांग्रेस (Congress) ट्रैक्टर रैली निकालेगी। 31 जनवरी को यह रैली गोड्डा के कारगिल चौक से शुरू होकर देवघर के रोहिणी स्थित शहीद स्थल तक निकलेगी। इसकी जानकारी सूबे के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कांग्रेस भवन में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर दी।

कृषि मंत्री बादल पत्रलेख (Jharkhand Agriculture Minister Badal Patralekh) ने कहा कि रैली पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से और लोकतांत्रिक तरीके से होगी। रैली के माध्यम से केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कांग्रेस भवन में गुरुवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि गांधीवादी तरीके से किसानों की मजबूत आवाज देवघर के रोहिणी स्थित शहीद स्थल से रायसीना में रह रहे बादशाह के कानों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर हमने अपनी आवाज को बादशाह के कानों तक नहीं पहुंचाया तो आने वाली पीढ़ियां हमें कभी माफ नहीं करेंगी।

गोड्डा में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव, विधायक दल नेता आलमगीर आलम, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पार्टी के विधायक, गठबंधन दल के नेता शिरकत करेंगे। बादल पत्रलेख ने कहा कि हर जिले के किसान रैंली में शामिल होंगे। विधायक प्रदीप यादव को रैली की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, बीते 26 जनवरी को दिल्ली में हुए किसान हिंसा की बादल पत्रलेख ने निंदा की। उन्होंने कहा कि 2 महीने से चल रहे आंदोलन में सैकड़ों लोगों ने अपनी जान गवां दी लेकिन एक परिंदा को भी नहीं मारा, लेकिन आज आंदोलनकारियों की एक टुकड़ी हिंसक कैसे हो गयी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में स्वतः संज्ञान लेकर मामले की न्यायिक जांच करने की अपील की। इस दौरान मंत्री बादल पत्रलेख ने देश की आंतरिक सुरक्षा पर भी सवाल खड़ा किया।



