रांची।

गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे की पत्नी अनामिका गौतम के नाम से निबंधित एलकोसीधाम की जमीन रजिस्ट्री को रद्द करने के प्रक्रिया को रोकने के लिए झारखंड हाई कोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई हुई।

बुधवार को जस्टिस राजेश शंकर की कोर्ट में दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद कोर्ट ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है। सांसद डॉ. निशिकांत दुबे की ओर से अधिवक्ता अनिल सिन्हा और अधिवक्ता दिवाकर उपाध्याय ने पक्ष रखा ।

सांसद की ओर से कहा गया कि गलत तरीके से जमीन रजिस्ट्री रद्द करने की प्रक्रिया चल रही है जिसे रोका जाए। इस पर राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि जमीन रजिस्ट्री रद्द कर दी गई है। जिसके बाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि जमीन रजिस्ट्री रद्द करने की जानकारी ऑन रिकॉर्ड कोर्ट के समक्ष शपथ पत्र के माध्यम से रखा जाए।
सांसद डॉ. निशिकांत दुबे की ओर से 2 महीने पहले ही जमीन रजिस्ट्री रद्द करने की प्रक्रिया को रोकने के लिए झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया था। याचिका के माध्यम से कहा गया है कि जानबूझकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। जमीन की रजिस्ट्री को रद्द करने के लिए चल रही प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए।


