पाकुड़।

पारा शिक्षक एक बार फिर अपनी लंबित मांगों को लेकर सक्रिय हो गए हैं। पाकुड़ में पारा शिक्षकों ने सत्ता पक्ष के लिट्टीपाड़ा विधानसभा के जेएमएम विधायक दिनेश विलियम मरांडी के हिरणपुर आवास के सामने एक दिवसीय धरना पर बैठे।

एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले शिक्षकों के सभी संगठनों ने मिलकर आंदोलन शुरू कर दिया है। राज्य कमेटी के निर्णय के आलोक में एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा जिला इकाई पाकुड़ की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चितरंजन भण्डारी ने सत्ता पक्ष के विधायक के घर के सामने वादा पूरा करो नारा लगा कर प्रदर्शन किया और कहा कि वर्तमान सरकार के वादे अनुसार तीन महीने के अंदर पारा शिक्षकों की समस्याओं का समाधान किया जाना था। एक साल बीत जाने के बाद भी पारा शिक्षकों की समस्याओं पर सरकार स्तर से पहल नही किया जा रहा। इसी को लेकर राज्य कमिटी के निर्णय के आलोक में आज सत्ता पक्ष के लिट्टीपाड़ा विधानसभा के जेएमएम विधायक दिनेश विलियम मरांडी के आवास पर वादा पूरा करो स्लोगन के साथ साथ एक दिवसीय प्रदर्शन किया गया और विधायक को मांगपत्र सौपा गया।

आगामी 24 जनवरी को मंत्रियों के आवास पर पारा शिक्षक जुटेंगे और प्रदर्शन करेंगे। पुनः 10 फरवरी को मुख्यमंत्री आवास के समक्ष धरना के माध्यम से वादा पूरा करो की मांग के साथ अपनी बात रखी जाएगी।




