

सरिया (गिरिडीह)

झारखंड के गिरिडीह जिले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने 86 लाख 40 हजार रुपए की ज्वेलरी के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली के एक ज्वेलरी शॉप में चोरी की थी। इसके बाद अपने हिस्से की ज्वेलरी लेकर कालका मेल से झारखंड के रास्ते पश्चिम बंगाल के हावड़ा स्थित अपने घर भाग रहे थे। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला के पाईकार निवासी पीटू शेख और नार्थ वेस्ट दिल्ली के जेजे कॉलोनी निवासी अहमद हैं। उनके पास से एक झोला और बैग मिला है। बैग में लगभग 1 किलो 800 ग्राम के सोने के गहने, एक मोबाइल और ड्राय फ्रूट के पैकेट पाए गए।

रेलवे सुरक्षा बल हजारीबाग रोड पोस्ट के निरीक्षक प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात को उन्हें एसीपी, रोहिणी का कॉल आया। उन्होंने बताया कि रोहिणी में चोरी को अंजाम देने के बाद आरोपी कालका हावड़ा मेल से झारखंड के रास्ते हावड़ा भाग रहे हैं। इस सूचना पर पंकज कुमार अपने साथ RPF के अन्य अधिकारियों और जवानों के साथ हजारीबाग रोड स्टेशन पहुंचे। यहां कालका मेल के स्टेशन पर रुकते ही A-2 बोगी को चारों ओर से घेर लिया गया। इसके बाद बर्थ न-16 और 18 पर यात्रा कर रहे पीटू शेख और अहमद को पकड़ा गया। दोनों का बैग चेक किया गया तो सोने के गहनों की एक गठरी वजन करीब 1 किलो 800 ग्राम, एक मोबाइल और ड्राय फ्रुटस का पैकेट पाया गया। प्लेटफार्म पर ही व्हाट्सएप पर एसीपी/रोहिणी, दिल्ली को वीडियो कॉलिंग कर गहने और दोनों बदमाशों को दिखाकर शिनाख्त की गई। बरामद गहनों का अनुमानित मूल्य लगभग 86,40,000 रुपए आंकी गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार पीटू शेख ने बताया कि दो दिन पहले रोहणी दिल्ली में बस पड़ाव के पास एक सोने की दुकान का शटर काट कर 8 लोगों ने मिलकर चोरी की। अपने हिस्से का माल लेकर वह अपने भाई के साथ हावड़ा जा रहा था। पीटू शेख ने बताया कि एक और बदमाश इसी ट्रेन से आसनसोल जा रहा है। कुछ देर बाद दिल्ली के रोहिणी सर्किल के एसीपी ने अपराधी रीत मोहम्मद का डोजियर भेजा। उक्त अपराधी की खोजबीन की गयी लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उक्त अपराधी की गिरफ्तारी के लिए डोजियर को सुरक्षा नियंत्रण कक्ष धनबाद भेजा गया, जिसके बाद अपराधी की गिरफ्तारी के लिए गोमो स्टेशन और धनबाद स्टेशन पर भी खोजबीन की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।




