जमशेदपुर।

बर्ड फ्लू (Bird Flu) की आशंका को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिले के दर्जनों पॉल्ट्री फॉर्मों से 209 नमूनों को जांच के लिए रांची लैब भेजा गया है।

जिले के 11 प्रखंडों में स्थित दर्जनों पॉल्ट्री फॉर्म में पिछले तीन दिनों के बीच मरे चूजा, मुर्गा, मुर्गी के नमूनों को प्रखंडों में गठित रैपिड रिस्पॉन्स टीम ने अलग-अलग आइस पैक डिब्बा में सील कर और नंबरिंग कर रांची भेजा है।

वहीं, कागजी रिपोर्ट भी जिला पशुपालन पदाधिकारी और नोडल पदाधिकारी के संयुक्त हस्ताक्षर से भेजी गयी है।
इधर, मृत चूजा, मुर्गा और मुर्गी को नियमानुसार जमीन खोदकर दफनाया गया।
पूर्वी सिंहभूम के जिला पशुपालन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए विभाग अलर्ट है। यहां से 209 नमूने जांच के लिए रांची लैब भेजे गये हैं। इसके बाद इन्हें कोलकाता भेजा जायेगा। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद आगे की जांच के लिए इसे भोपाल लैब भेजा जायेगा।


