
हंदवाड़ा: कश्मीरी पंडितों के लिए इस बार की जन्माष्टमी बेहद खास है। उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा में कश्मीरी पंडितों ने 32 साल बाद जन्माष्टमी पर प्रभात फेरी निकाली। इससे पहले 1989 में जन्माष्टमी का कार्यक्रम का आयोजित किया गया था।

इस दौरान भगवान कृष्ण से कोरोना के खात्मे के लिए प्रार्थना की गई। प्रभात फेरी की शुरुआत गणपत्यार मंदिर से हुई, जो जैंदार मोहल्ला, जहांगीर चौक, मौलाना आजाद रोड होते हुए रेजीडेंसी रोड तक पहुंची।


जन्माष्टमी के इस कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। लोगों ने जगह-जगह प्रभात फेरी का स्वागत किया। इस दौरान कृष्ण भक्त सड़कों पर नाचते-गाते नजर आए।

कार्यक्रम में शामिल कश्मीरी पंडितों ने कहा कि कश्मीर भाईचारे के लिए जाना जाता है। बाहरी लोग यहां आएं और हमारी एकता को देखें। उन्होंने प्रभात फेरी निकालने में मदद करने के लिए स्थानीय लोगों को धन्यवाद भी दिया।

हंदवाड़ा के अलावा भी कश्मीर में अलग-अलग जगहों पर कृष्ण जन्माष्टमी धूम-धाम से मनाई गयी।


