
Shimla (Himachal Pradesh) News: राजधानी शिमला में 16 वर्षीय पारुल का शव जंगल में फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक पारुल चार दिन से लापता थी। उसका शव राजधानी के छोटा शिमला थाना अंतर्गत कसुम्पटी क्षेत्र में शनिवार देरशाम मिला है।

वह शहर के एक स्कूल में पढ़ रही थी। उसका परिवार शिमला जिला के चौपाल का मूल निवासी है। उसके पिता सब्जी मंडी शिमला में काम करते हैं।

पुलिस के मुताबिक पारुल की मां की पांच वर्ष पहले मौत हो चुकी है। उसका शव भी पेड़ से लटका मिला था।पारुल ने जमा एक कक्षा की परीक्षा दी थी।
वह डेढ़ साल से पिता और छोटे भाई के साथ किराये के कमरे में रह रही थी। वह चार अप्रैल से लापता थी। छह अप्रैल को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी।
एएसपी शिमला सुनील नेगी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल सीआरपीसी 174 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।


