
मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी को लेकर मीडिया में एक नई खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक शिल्पा अपने बच्चों के साथ पति राज कुंद्रा से अलग रहने की प्लानिंग कर रही हैं। शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को पॉर्न केस में सलाखों के पीछे एक महीने से भी ज्यादा का समय हो गया है। अब खबर आ रही है कि शिल्पा के एक नजदीकी सूत्र ने बताया है कि ऐक्ट्रेस अपने बच्चों को लेकर अपने पति से दूर रहना चाहती हैं।

दरअसल, शिल्पा के पति राज कुंद्रा को 19 जुलाई 2021 को पोर्न फिल्में बनाने और ऐप पर रिलीज करने के आरोप में क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद से ही वो ज्यूडिशियल कस्टडी में हैं और लगातार अपनी जमानत के लिए कोशिश कर रहे हैं। इस मामले से राज की पत्नी शिल्पा शेट्टी की पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ दोनों पर ही गहरा असर देखने को मिला है। शिल्पा शेट्टी भी लगभग एक महीने तक बिल्कुल गायब रहीं मगर अब वह एक बार फिर अपने काम और सोशल मीडिया पर ऐक्टिव हो गई हैं।


कई खबरों में बताया गया था कि जब शिल्पा शेट्टी से राज कुंद्रा के सामने बैठाकर पुलिस ने पूछताछ की थी तो वह अपने पति पर भड़क गई थीं। अब ‘बॉलिवुड हंगामा’ की एक रिपोर्ट की मानें तो शिल्पा के एक नजदीकी दोस्त ने बताया है कि शिल्पा आगे की जिंदगी अपने दोनों बच्चों के साथ पति से दूर बिताने की प्लानिंग बना रही हैं।
शिल्पा राज कुंद्रा के पैसों को छूना नहीं चाहतीं
रिपोर्ट्स की मानें तो शिल्पा के एक दोस्त ने कहा कि राज कुंद्रा की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। साथ ही उन्होंने यह भी खुलासा किया कि राज के इस रहस्य के सामने आने के बाद से ही शिल्पा शॉक में हैं। शिल्पा के दोस्त ने कहा, “शिल्पा को कोई अंदाजा नहीं था कि ये हीरे और डुप्लेक्स बेईमानी के रास्ते से आ रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “शिल्पा, राज कुंद्रा के पैसों को छूना भी नहीं चाहती हैं। शिल्पा काम कर रही हैं और वो अपने बच्चों की देखभाल करने के लिए काफी है।”
उनके दोस्त ने यह भी कहा कि शिल्पा ने इंडस्ट्री में भी सभी को ये बता दिया है कि वो ‘हंगामा 2’ और ‘निकम्मा’ के बाद फिल्मों में काम करने के लिए तैयार हैं। अनुराग बसु और प्रियदर्शन ने पहले ही उन्हें अपनी फिल्मों के लिए रोल्स ऑफर किए हैं।
सूत्र ने बताया कि अगर उनके पति लंबे समय तक जेल में रहते हैं तब भी शिल्पा को पैसों की कोई कमी नहीं होने वाली है। ख़ैर, अब इस खबर में कितनी सच्चाई है, यह तो वक्त के साथ ही पता चलेगा।
शिल्पा शेयर कर रही हैं मोटिवेशनल पोस्ट
शिल्पा शेट्टी की अगली फिल्म ‘निकम्मा’ रिलीज होगी। शिल्पा शेट्टी इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। एक्ट्रेस कंट्रोवर्सी के बीच लगातार मोटिवेशनल पोस्ट शेयर कर रही हैं। हाल ही में एक्ट्रेस ने ‘सुपर डांसर चैप्टर 4’ से अपने लुक की एक ग्लैमरस फोटो भी शेयर की थी, जिसमें उन्होंने इंडो-वेस्टर्न स्टाइल की डिजाइनर साड़ी पहनी थी।


