
Deoghar: आईआईटी जेईई मेंस (IIT JEE Mains) की परीक्षा के लिए परीक्षा का शेड्यूल घोषित हो चुका है । मेंस की पहली परीक्षा 16 अप्रैल से 21 अप्रैल तक होगी तथा दूसरी परीक्षा 24 मई से 29 मई तक होगी। इस बीच संथाल के बच्चों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें परीक्षा देने दूर नहीं जाना होगा।

पहली बार देवघर सहित दुमका, गोड्डा में आईआईटी का एग्जाम सेंटर दिया गया है। इसके साथ ही गिरिडीह व सीमावर्ती राज्य बिहार के बांका और जमुई इत्यादि शहरों में भी पहली बार आईआईटी का एग्जाम सेंटर दिया गया है। छात्रों के अंदर इस बात को लेकर काफी उत्साह है कि अपने शहर से ही वे आईआईटी की परीक्षा दे सकेंगे। हालांकि पिछले वर्ष ही, कोरोना काल में छात्रों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए देवघर में आईआईटी के एग्जाम सेंटर के लिए डिमांड हो रहा था। जो इस वर्ष पूरा हो गया।

साथ ही चूंकि एनटीए ही मेडिकल, नीट की परीक्षा भी लेती है इसलिए ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है की मेडिकल की परीक्षा के लिए भी परीक्षा का केंद्र देवघर को चुना जा सकता है। अनुमान लगाया जा रहा है कि 6 दिनों तक होने वाली आईआईटी जेईई मेंस की परीक्षा में 1200 विद्यार्थी देवघर परीक्षा केंद्र से परीक्षा दे सकेंगे।

इस संबंध में स्थानीय गुरुकुल कोचिंग संस्थान की अध्यक्षा डॉ एकता रानी ने बताया कि देवघर में परीक्षा केंद्र होने से यहां के छात्रों को बहुत आराम हो जाएगा। खासकर छात्राओं को जैसा कि पिछले वर्ष कोरोना काल में देखा गया था कि लड़कियों को दूरदराज के परीक्षा केंद्र जाने में बहुत ही परेशानी हुई थी। ट्रेन का संचालन भी बंद था। बहुत मुश्किल से किसी किसी ट्रेन में रिजर्वेशन मिलता था। सुरक्षा के मद्देनजर लड़कियों को अपने साथ अपने परिवार के सदस्यों को भी लेकर जाने की जरूरत पड़ती थी । कई जगह भीड़ भाड़ में उलझने भी हो जाती थी, ऐसे में लड़कियां और उसके परिवार के लोग काफी मानसिक तनाव से गुजरते थे । और यदि देवघर से गाड़ी रिज़र्व कर दूरदराज के सेंटर में जाते थे तब भी काफी खर्च हो जाता था और 8 से 10 घंटे के सफर में बच्चियों की तबीयत भी खराब हो जाती थी । देर रात नए शहर पहुंचने पर होटल में कमरा भी नहीं मिलता था । ठीक से सो भी नहीं पाते थे और अगले दिन परीक्षा में भी उसका दुष्प्रभाव होता था ।
एकता रानी ने कहा कि मुझे पूरा यकीन है कि इस वर्ष देवघर तथा देवघर जैसे छोटे शहरों में आई आई टी का रिजल्ट बड़े शहरों की तुलना में सुधरेगा ।
गुरुकुल के शिक्षक रवि शंकर और डॉ एकता रानी ने छात्रों के लिए सुझाव दिया कि वह समय रहते 15 मार्च के पहले ही जेईई मेंस का फॉर्म भर दें ताकि उन्हें देवघर में ही एग्जाम सेंटर मिल जाए और एक दिन पहले ही अपना एग्जाम सेंटर जा कर देख ले । साथ ही उन लोगों ने सभी छात्रों को जेईई मेंस परीक्षा के लिए अपनी शुभकामनाएं दी ।


